Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

पीजीटीआई ने अक्टूबर में होने वाली ‘रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप’ लॉन्च की

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) भारत के शीर्ष पुरुष पेशेवर गोल्फ टूर डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ने सोमवार को ‘रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप’ शुरू करने की घोषणा की। पूरे सत्र चलने वाली यह प्रतियोगिता 2026 सत्र की प्रमुख प्रतियोगिताओं में शामिल होगी।

यह प्रतियोगिता सत्र के शीर्ष खिलाड़ियों का फैसला करेगी और उन्हें 40 लाख अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप तक पहुंचने का मौका देगी जिसका आयोजन 15 से 18 अक्टूबर तक दिल्ली गोल्फ क्लब में होगा।

इसके जरिए भारतीय पेशेवर गोल्फ टूर (पीजीटीआई) के कार्यक्रम में भी बदलाव किया जाएगा जिससे कि इसे डीपी वर्ल्ड टूर के कार्यक्रम के अनुरूप बनाया जा सके। इससे पीजीटीआई के खिलाड़ियों को अधिक प्रतियोगिताओं में खेलने के अवसर मिलेंगे।

नए प्रारूप के तहत 2026 के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट के विजेता का फैसला डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के बाद होगा। इस तरह सत्र की अंतिम प्रतियोगिता साल के चैंपियन के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘रेस’ में शामिल नौ प्रतियोगिताओं की कुल इनामी राशि 10 करोड़ रुपये होगी। इससे पूरे सत्र की कुल इनामी राशि बढ़कर 41 करोड़ रुपये हो जाएगी।

पहली तीन प्रतियोगिताएं जेएंडके ओपन, कोल इंडिया ओपन और कोलार ओपन अगस्त के पहले तीन सप्ताह में आयोजित हो चुकी हैं।

इसका समापन 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स में होने वाली पहली कपिल देव आमंत्रण टूर चैंपियनशिप से होगा।

इस टूर्नामेंट के बाद ‘रेस’ की अंक तालिका में शीर्ष 24 स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप 2026 के लिए क्वालीफाई करेंगे।

इसके अलावा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष 60 स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी 2027 सत्र के लिए पीजीटीआई में खेलने का अधिकार बरकरार रखेंगे।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द