Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली में 18 वर्षीय लड़के को अगवा कर पीटने के आरोप में पांच गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) उत्तर दिल्ली पुलिस ने 18 वर्षीय लड़के को अगवा कर बुरी तरह से पीटने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस घटना की वजह एक महिला की यह शिकायत थी कि उसका एक पूर्व सहकर्मी उसके खिलाफ बातें कर रहा है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है जब विशेष अपने बचपन के दोस्त दीपक के साथ कमला नगर में एक दुकान के पास बैठा था।

उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि आरोपी एक कार में पहुंचे, विशेष के साथ मारपीट की और उसे जबरन वाहन में जबरन बैठा कर ले गए।

उन्होंने कहा कि रूपनगर थाने को अपहरण के संबंध में सूचना दी गई जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और गश्त और नाके की ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क कर दिया।

पुलिस को पीड़ित की लोकेशन गुलाबी बाग की मिली।

डीसीपी ने बताया कि सूचना मिलने के दो घंटे के भीतर सभी पांचों को पकड़ लिया गया।

अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान शुभम (19), स्वयं शाह (21), तन्मय (20), ऋषि (23) और ध्रुव (23) के रूप में की गई है। पुलिस ने कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। वाहन स्वयं की मां के नाम पर पंजीकृत है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं। पूछताछ के दौरान, आरोपी शुभम और स्वयं शाह ने खुलासा किया कि घटना लड़की से जुड़े किसी मुद्दे पर की गई थी। लड़की ने शुभम को बताया था कि पहले उसके साथ मोती बाग में काम करने वाला विशेष उसके बारे में गलत बातें कर रहा है।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद शुभम और स्वयं ने विशेष को सबक सिखाने की साजिश रची।

भाषा नोमान

नोमान अविनाश

अविनाश