Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

कम दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा में भारी बारिश, 16 जिलों में ‘अलर्ट’ जारी

भुवनेश्वर, 24 अगस्त (भाषा) ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में कम दबाव का क्षेत्र बनने से सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के आठ स्थानों पर 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

विभाग ने अपने बुलेटिन में बताया कि सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों में राज्य के चार स्थानों पर बहुत भारी बारिश और 47 स्थानों पर भारी बारिश हुई।

आईएमडी के अनुसार, सबसे अधिक 169.4 मिमी बारिश क्योंझर जिले के जोडा में दर्ज की गई। इसके बाद नवरंगपुर के पापड़ाहांडी में 158.8 मिमी और बरगढ़ के पाइकमाल में 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। 100 मिमी से अधिक वर्षा वाले अन्य क्षेत्रों में मयूरभंज के कुसुमी व जशीपुर, नवरंगपुर का झरीगांव और क्योंझर के तेलकोई व चंपुआ शामिल हैं।

बुलेटिन में कहा गया है कि सोमवार सुबह कम दबाव का यह क्षेत्र गांगेय पश्चिम बंगाल और उससे सटे झारखंड तथा उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना हुआ था। इसके प्रभाव से सोमवार को ओडिशा के 30 में से 16 जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

आईएमडी ने सोमवार के लिए सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सोनपुर और बौध आदि जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। वहीं अंगुल, क्योंझर, मयूरभंज, नुआपाड़ा, बोलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, नवरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सोमवार को ओडिशा भर के कई अन्य स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।

मौसम का यह मिजाज अगले छह दिनों तक बना रह सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश के खतरे को देखते हुए नवरंगपुर जिले में सोमवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया गया, जबकि भद्रक जिले में 89 स्कूल बंद रहे।

भाषा

सुमित अविनाश

अविनाश