नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को भारी बारिश के बीच पुरानी दिल्ली के पहाड़ी भोजला इलाके में एक जर्जर इमारत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे तीन से चार दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
चांदनी महल थाने को पहाड़ी भोजला इलाके में इमारत ढहने के बारे में सूचना मिली जिसके बाद एक पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की घेराबंदी की।
पुलिस ने कहा कि उसने घटनास्थल पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और मलबे के नीचे दबे या आसपास पड़े वाहनों को हटाया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि इमारत जर्जर हालत में थी।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने इमारत की स्थिति के बारे में पहले ही एक नोटिस जारी कर दिया था और जब इमारत गिरी तब मरम्मत का काम चल रहा था।
पुलिस ने कहा कि एमसीडी अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दिल्ली के कई हिस्सों में आज भारी बारिश हुई, जिससे कई स्थानों पर जलभराव और यातायात बाधित हुआ।
भाषा नोमान नोमान मनीषा
मनीषा