Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

उडुपी में हत्या के एक मामले में मुंबई का गैंगेस्टर गिरफ्तार

मंगलुरु (कर्नाटक), 24 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के कापू तालुक में एक व्यवसायी की हत्या के मामले में वांछित मुंबई के एक संदिग्ध गैंगस्टर को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी अनुज पाटिल ‘प्रिंस एंटरप्राइसेस’ के मालिक डेविड डिसूजा की हत्या में कथित रूप से शामिल था।

पुलिस के मुताबिक डिसूजा की सात अगस्त को उडुपी जिले में मुदरांगडी के सेंट जैवियर चर्च परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले की जांच कर रही कुंदापुर और कोल्लुर की पुलिस की एक टीम ने सोमवार सुबह हेबरी थानाक्षेत्र में पाटिल को पकड़ा।

हिरासत में लिए जाते समय पाटिल ने कोल्लुर पुलिस के उप निरीक्षक विनय की रिवॉल्वर छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद कुंदापुर पुलिस के उप निरीक्षक नंजा नाइक ने आत्मरक्षा में पाटिल के पैर में गोली मार दी।

पुलिस ने इस घटना में घायल हो गये आरोपी को इलाज के लिए उडुपी में जिला अस्पताल में भर्ती कराया ।

पुलिस ने कहा कि आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में 11 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में मकोका के तहत भी मामला दर्ज है।

भाषा सं राजेंद्र राजकुमार

राजकुमार