Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

सेंसेक्स, निफ्टी में शुरुआती कारोबार में तेजी

मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच एचडीएफसी बैंक तथा इन्फोसिस जैसी कंपनियों के शेयर में लिवाली से सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में बढ़त दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का हालांकि कहना है कि वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमत निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को प्रभावित कर रहे हैं।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 202.42 अंक चढ़कर 77,744.15 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 55.35 अंक की बढ़त के साथ 24,309 अंक पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे। वहीं एशियन पेंट्स, टाइटन, पावर ग्रिड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल वायदा कारोबार में 1.32 प्रतिशत टूटकर 93.14 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 542.71 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 3.11 अंक की मामूली बढ़त के साथ जबकि निफ्टी 20.15 अंक चढ़कर बंद हुआ था।

भाषा निहारिका

निहारिका