चंडीगढ़, 23 अगस्त (भाषा) चंडीगढ़ पुलिस ने रविवार को एक संदिग्ध संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) बरामद किया और इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, सेक्टर 43 स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे के पीछे वाले इलाके में एक टिफिन बॉक्स बैग के अंदर आग्नेयास्त्र के साथ यह सामान छिपा हुआ मिला।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पंजाब निवासी तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया और इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बरामद विस्फोटक सामग्री और आग्नेयास्त्र के मकसद, नेटवर्क और स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
चंडीगढ़ पुलिस ने रविवार देर शाम जारी बयान में कहा, 'चंडीगढ़ पुलिस ने संदिग्ध आईईडी और आग्नेयास्त्र से जुड़े मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सेक्टर-36 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।'
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश