(तस्वीरों के साथ)
कोलकाता, 23 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य की पिछली सरकारों ने प्रदेश के विकास के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम नहीं किया।
शुभेंदु ने यहां ‘गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स’ (जीआरएसई) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की “डबल इंजन सरकार” अब राज्य का विकास सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल की पिछली सरकारों ने राज्य के विकास के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम नहीं किया। पचास साल की नकारात्मकता खत्म हो गई है और हमारी ‘डबल इंजन’ सरकार अब यह सुनिश्चित करेगी कि राज्य आगे बढ़े।”
उन्होंने कहा कि वाम दलों के 34 वर्षों के शासन और तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ केवल विरोध ही किया गया। उन्होंने दावा किया कि इसका खामियाजा पश्चिम बंगाल को भुगतना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में निवेश आकर्षित करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा, भूमि और मानव संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में सब कुछ था, लेकिन ‘डबल इंजन’ वाली सरकार नहीं थी।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 106 दिनों के कार्यकाल में उनकी सरकार ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश की संवेदनशील सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि सौंपने को अपनी प्राथमिकता बनाया।
निजी निवेशकों से पश्चिम बंगाल में उद्योग स्थापित करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘राज्य का माहौल बदल गया है’’।
शुभेंदु ने उन्हें आश्वासन दिया कि राज्य में नयी परियोजनाएं स्थापित करने के लिए भूमि की कोई समस्या नहीं होगी और उनकी सरकार इस उद्देश्य के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जीआरएसई और यंत्र इंडिया लिमिटेड की पांच ‘ब्राउनफील्ड’ विस्तार परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश