Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

नेहरू से मोदी तक: प्रधानमंत्रियों की रसोई और खाने की मेज की झलक प्रदान करती किताब

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) एक प्रधानमंत्री की थाली उन चीजों का खुलासा कर सकती है, जो किसी राजनीतिक जीवनी से सामने नहीं आ सकता।

पत्रकार पुरबी श्रीधर और संघिता सिंह की किताब ‘द प्राइम मिनिस्टर’स टेबल’ में भोजन, पारिवारिक किस्सों और रसोई से जुड़ी यादों के जरिए जवाहरलाल नेहरू से लेकर नरेन्द्र मोदी तक भारत के प्रधानमंत्रियों के निजी जीवन के पहलुओं को सामने लाने की कोशिश की गई है।

‘मंजुल पब्लिशिंग हाउस’ द्वारा प्रकाशित इस किताब में प्रधानमंत्रियों की रसोई और भोजन की मेज तक पहुंचकर यह जानने की कोशिश की गई है कि वे क्या खाते थे, मेहमानों की मेजबानी कैसे करते थे, किन व्यंजनों को पसंद करते थे और पद की चकाचौंध से दूर उनके जीवन को किन रिश्तों ने आकार दिया।

मसलन, इंदिरा गांधी को अपने चिकित्सक के साथ ‘अंताक्षरी’ खेलते हुए याद किया गया है, जबकि मनमोहन सिंह विदेश में रहने के शुरुआती वर्षों के दौरान अपनी पत्नी की बर्तन धोने में मदद करते थे।

अटल बिहारी वाजपेयी की ताज महल होटल में सुनहरे रंग के तले हुए झींगों और लखनऊ की चाट के प्रति पसंद का भी किताब में जिक्र है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भाजपा के एक स्थानीय कार्यकर्ता की पत्नी को अच्छी ‘साबूदाना खिचड़ी’ बनाना सिखाने का प्रसंग भी इसमें शामिल है।

किताब की लेखिकाओं में से एक ने कहा, “क्या प्रधानमंत्री केवल प्रमुख राजनीतिक हस्तियां हैं? उनके राजनीतिक और सार्वजनिक व्यक्तित्व से परे क्या है, यह मेरे लिए दिलचस्प विषय था। इसमें उनके घर, पारिवारिक जीवन, दोस्ती, कामकाजी रिश्ते और भोजन की मेज पर उनकी पसंद और बातचीत आदि शामिल है।”

‘द प्राइम मिनिस्टर’स टेबल’ नामक किताब की कीमत 1,499 रुपये है और दुकानों के अलावा यह ऑनलाइन माध्यम से भी खरीदी जा सकती है।

भाषा संतोष नरेश

नरेश