बेंगलुरु/नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) द्वारा आयोजित एक परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत रविवार को आईएएस अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार के बेंगलुरु और उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित परिसरों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गंगवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2016 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में कर्नाटक के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निदेशक के पद पर तैनात हैं। वह इससे पहले केपीएससी में परीक्षा नियंत्रक के पद पर कार्यरत थे और इस साल मार्च में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि गंगवार के बेंगलुरु और उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित परिसरों पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की गई। हालांकि, यह तत्काल पता नहीं चल सका कि केंद्रीय जांच एजेंसी को अधिकारी इन परिसरों में मिले या नहीं।
शनिवार को कुछ घंटों के लिए गंगवार के “लापता” होने की खबर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। बाद में कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि गंगवार अपने पिता की तबीयत से जुड़ी पारिवारिक आपात स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक स्थान पर थे।
ईडी ने इस मामले में 18 अगस्त को पहली बार छापेमारी की थी। उस दौरान बेंगलुरु स्थित केपीएससी के परिसर के अलावा पूर्व अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार, सदस्य शांता होसमणि और कुछ अन्य लोगों के परिसरों की भी तलाशी ली गई थी।
जांच पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले से संबंधित है।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल