Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

मणिपुर: असम राइफल्स के काफिले पर हुए हमले में संलिप्तता के आरोप में एक उग्रवादी गिरफ्तार

इंफाल, 23 अगस्त (भाषा) सुरक्षा बलों ने मणिपुर के थौबल जिले से एक प्रतिबंधित संगठन के उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि यह उग्रवादी वर्ष 2021 में असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले में कथित तौर पर शामिल था।

अधिकारियों ने बताया कि 28 वर्षीय आरोपी प्रतिबंधित संगठन पीपल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) में स्वयंभू 'कैप्टन' है।

उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को थौबल जिले के लिलोंग उशोईपोकपी से की गई है।

पुलिस के एक बयान में कहा गया, “पूछताछ के दौरान यह पता चला कि वह उस टीम का हिस्सा था जिसने 13 नवंबर 2021 को चूराचांदपुर के बेहियांग में 46 असम राइफल्स (एआर) के 'कमांडिंग ऑफिसर' (सीओ) और छह अन्य लोगों पर घात लगाकर हमला किया था।”

सेना की पूर्वी कमान ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “गिरफ्तार व्यक्ति 2021 में चूराचांदपुर में कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनके परिवार के सदस्यों और सुरक्षा बलों पर घात लगाकर किए गए हमले के मामले का मुख्य आरोपी है। यह सफल अभियान उग्रवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने और मणिपुर में शांति व स्थिरता की रक्षा करने के लिए सुरक्षा बलों के संकल्प को दोहराता है।”

चूराचांदपुर जिले में सेहकेन गांव के पास 13 नवंबर 2021 को उग्रवादियों ने 46 असम राइफल्स के सीओ त्रिपाठी के सुरक्षा काफिले पर घात लगाकर हमला किया था।

इस हमले में कर्नल त्रिपाठी, उनकी पत्नी, उनके मासूम बेटे और अर्धसैनिक बल के चार जवानों की मौत हो गई थी।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश