Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली में ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 19 वर्षीय युवक की मौत

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) मध्य दिल्ली में रविवार सुबह आईटीओ फ्लाईओवर पर एक ट्रक ने कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब छह बजकर 20 मिनट पर आईपी एस्टेट थाने में दुर्घटना के संबंध में पीसीआर पर सूचना मिली।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'मदनपुर खादर निवासी अमन (19) मोटरसाइकिल से सराय काले खां की ओर जा रहा था, तभी आईटीओ फ्लाईओवर पर दोपहिया वाहन को कथित तौर पर एक ट्रक ने टक्कर मार दी।'

पुलिस ने बताया कि अमन के साथ मोटरसाइकिल के पीछे बैठा जामिया नगर के बाटला हाउस निवासी एल्बर (22) भी सड़क पर गिर गया और घायल हो गया।

दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां अमन को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एल्बर का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिसकर्मी दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के लिए अपराध टीम को बुलाया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, 'टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।'

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि फ्लाईओवर या आसपास के इलाकों में लगे किसी सीसीटीवी कैमरे में दुर्घटना या ट्रक की आवाजाही कैद हुई है या नहीं।

भाषा

राखी वैभव

वैभव