Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

जीआरएसई की पांच परियोजनाओं के भूमि-पूजन समारोह में शामिल होंगे राजनाथ

कोलकाता, 23 अगस्त (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को यहां गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) लिमिटेड की बुनियादी ढांचा सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी पांच परियोजनाओं के भूमि-पूजन समारोह में शामिल होंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी रक्षा विभाग की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।

एक अधिकारी ने बताया, “जीआरएसई की पोत निर्माण क्षमताओं को बढ़ाने के लिए पांच नई सुविधाओं का भूमि-पूजन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में किया जाएगा।”

मिनीरत्न युद्धपोत निर्माता कंपनी हुगली नदी के किनारे स्थित अपने गार्डन रीच मुख्यालय में सुविधाओं का विस्तार कर रही है।

अधिकारी ने कहा, “अपनी क्षमता के विस्तार के तहत जीआरएसई ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह कोलकाता (एसएमपीके) के साथ हुगली नदी के दोनों किनारों पर दो छोटे शिपयार्डों के लिए लीज समझौते किए हैं।’’

उन्होंने बताया, ‘‘इसके अलावा, रायचक में नदी किनारे स्थित 32 एकड़ की संपत्ति भी ली गई है, ताकि युद्धपोतों के निर्माण और उनकी मरम्मत की क्षमताओं को बढ़ाया जा सके।”

भाषा रंजन वैभव

वैभव