पारादीप, 22 अगस्त (भाषा) ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला एक मालवाहक जहाज शनिवार को डूब गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जहाज ‘एमवी ओसेन विनर’ पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे, जिनमें 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमा निवासी और एक बांग्लादेशी शामिल हैं।
यह जहाज ओडिशा से 72,100 मीट्रिक टन लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। यह 20 अगस्त को रात 10 बजकर 42 मिनट पर पारादीप तट से रवाना हुआ था।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘भारतीय तटरक्षक और भारतीय नौसेना ने बचाव अभियान शुरू किया है। अब तक दो लोगों को बचाया जा चुका है।’’
उन्होंने कहा कि बचाव अभियान में मदद के लिए आसपास के अन्य जहाज भी पहुंच गये हैं।
भाषा सुरेश आशीष
आशीष