Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

तेलंगाना के मुख्यमंत्री को केंद्र से नहीं मिली अमेरिका यात्रा की अनुमति; कांग्रेस, भाजपा आमने-सामने

हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को केंद्र सरकार की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने के एक दिन बाद शनिवार को इस मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने आरोप लगाया कि केंद्र का यह फैसला राजनीति से प्रेरित प्रतीत होता है।

उन्होंने 'पीटीआई वीडियो' से कहा, 'मुझे केंद्र सरकार के ऐसा करने (अनुमति नहीं देने) का कोई उचित कारण नजर नहीं आता। यह राजनीतिक फैसला है और यह सही नहीं है। तेलंगाना भी इसी देश का हिस्सा है। अगर तेलंगाना आगे बढ़ता है तो भारत आगे बढ़ता है।'

वहीं, तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को मीडिया में आई उन खबरों पर जनता को जवाब देना चाहिए, जिनमें दावा किया गया है कि उन्होंने अमेरिका यात्रा (अब रद्द हो चुकी) के दौरान न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात की योजना बनाई थी।

राव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'मीडिया में आई खबरों से अब यह सामने आ रहा है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा का उद्देश्य राज्य के लिए शिक्षा या निवेश से जुड़ा नहीं था, बल्कि उन कथित भारत-विरोधी लोगों से मुलाकात करना था, जो लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के वैचारिक गुरु हैं।'

केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि एक तकनीकी प्रक्रिया है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'इसे राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यह पूरी तरह विदेश मंत्रालय के स्तर पर आधिकारिक प्रक्रिया के तहत होता है।'

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश