Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही किशोरी ने फरीदाबाद अदालत परिसर की खिड़की से लगाई छलांग

फरीदाबाद, 22 अगस्त (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को 14-वर्ष की एक किशोरी ने अपने गर्भवती होने का पता चलने के कुछ ही देर बाद स्थानीय अदालत परिसर की तीसरी मंजिल के शौचालय की खिड़की से कथित तौर पर छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई। वह हाल ही में लापता होने के बाद मिली थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, किशोरी नीचे लगे टिन शेड पर गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि किशोरी कुछ दिन पहले घर से चली गई थी, जिसके बाद उसके परिवार ने डबुआ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने शुक्रवार को उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया था।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपनी रिश्तेदार के घर रहने चली गई थी। चिकित्सकीय जांच के बाद शनिवार को उसका बयान दर्ज कराने के लिए उसे अदालत लाया गया था।

पुलिस ने बताया कि अदालत खुलने के बाद जब उसकी चिकित्सकीय रिपोर्ट की समीक्षा की गई तो पता चला कि किशोरी गर्भवती है। यह जानकारी मिलने के बाद वह घबरा गई। उसने कथित तौर पर उल्टी जैसा महसूस होने का बहाना किया, जिसके बाद उसके साथ मौजूद महिला कांस्टेबल उसे शौचालय ले गई और खुद बाहर खड़ी रही।

पुलिस के अनुसार, शौचालय के अंदर किशोरी ने खिड़की खोली और वहां से छलांग लगा दी।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश