Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

उप्र: अमेठी में 24 वर्षीय युवक का तेजाब से झुलसा हुआ शव मिला

अमेठी, 22 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में शनिवार शाम 24 वर्षीय एक युवक का तेजाब से झुलसा हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, युवक दिन में लापता हो गया था, जिसके बाद शाम को उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात संग्रामपुर थाना क्षेत्र के सोनारी कला गांव में हुई।

पुलिस के मुताबिक, सोनारी कला गांव निवासी अनुज सोनी (24) का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित सुख्खा का पुरवा की बांग नहर के पास मिला।

संग्रामपुर थाना प्रभारी (एसएचओ) संजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शव को तेजाब से जलाया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘शव पूरी तरह झुलस गया था।’’

मृतक की बहन खुशी सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई सुबह करीब नौ बजे घर से घूमने के लिए निकला था और शाम तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई।

शिकायत में बताया गया कि खोजबीन के दौरान उसका शव नहर के पास स्थित एक बाग में पड़ा मिला।

अधिकारी के अनुसार, खुशी ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है।

उन्होंने बताया कि शिकायत में गांव के ही कुछ लोगों को संदेह के घेरे में रखते हुए उनके नाम बताए गये हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सं जफर जितेंद्र

जितेंद्र