नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से शनिवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:
दि26 भाजपा बैठक लीड प्रस्ताव
भाजपा के प्रस्ताव में वंदे मातरम् पर कांग्रेस के निर्णय की आलोचना
नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वंदे मातरम् के केवल दो अंतरे गाने के कांग्रेस के फ़ैसले की शनिवार को एक प्रस्ताव पारित करके निंदा की और कहा कि वह राजनीतिक सहूलियत या तुष्टिकरण के लिए राष्ट्रगीत के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी।
दि5 कांग्रेस खरगे चीनी
देश में चीनी का भंडार नौ साल के निचले स्तर पर, ई20नीति की समीक्षा क्यों नहीं हो रही: खरगे
नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने त्योहारों से पहले चीनी की कीमत में ‘‘बढ़ोतरी’’ और देश में चीनी का भंडार कथित तौर पर कम होने को लेकर केंद्र सरकार पर शनिवार को निशाना साधा और सवाल किया कि ऐसी स्थिति में भी पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।
प्रादे55 बंगाल शाह दूसरी लीड बैठक
गोरखा मुद्दे पर अंतिम समझौते का मसौदा तैयार करने के लिए गृह मंत्रालय की समिति गठित: सांसद राजू बिष्ट
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), दार्जिलिंग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजू बिष्ट ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने गोरखा मुद्दे पर अंतिम समझौते का मसौदा तैयार करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत एक समिति गठित की है।
प्रादे131 झारखंड छात्र प्राथमिकी
रांची में पुलिस-छात्र झड़प के मामले में 14 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज
रांची, पुलिस और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के बीच हुई झड़प के सिलसिले में शनिवार को 14 नामजद और 200 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ कम से कम तीन प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
प्रादे136 बिहार आठवले
आरक्षण खत्म नहीं किया जा सकता, यह संवैधानिक अधिकार है : आठवले
पटना, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शनिवार को कहा कि आरक्षण ‘‘संवैधानिक अधिकार’’ है और इसे खत्म करने की मांग को उन्होंने ‘‘असंवैधानिक’’ बताया।
प्रादे129 दीपके स्कूल प्राथमिकी
दीपके के खिलाफ ‘बिना अनुमति सरकारी स्कूल में प्रवेश और शिक्षकों को धमकाने’ को लेकर प्राथमिकी दर्ज
लातूर (महाराष्ट्र), पुलिस ने सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने और शिक्षकों को धमकाने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संयोजक अभिजीत दीपके और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्रादे120 असम नाकेबंदी निलंबित
असम के टैक्सी संचालकों ने मेघालय के वाहनों के खिलाफ नाकेबंदी समाप्त की
गुवाहाटी, असम के टैक्सी संचालकों ने शनिवार को मेघालय में पंजीकृत वाहनों के खिलाफ अपनी नाकेबंदी समाप्त कर दी। यह फैसला दोनों राज्यों के मंत्रियों के बीच बैठक के बाद सुरक्षा के आश्वासन पर लिया गया।
प्रादे85 झारखंड फैक्टरी दूसरी लीड आग
झारखंड: रामगढ़ में इस्पात के कारखाने में आग लगने से तीन कर्मचारियों की मौत
रांची/रामगढ़, झारखंड के रामगढ़ जिले में इस्पात के कारखाने में आग लगने से कम से कम तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
प्रादे78 बिहार प्रदर्शन
बिहार: ‘लोक भवन’ मार्च के दौरान पुलिस के साथ झड़प के बाद अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया
पटना, बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को ‘लोक भवन’ तक मार्च के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद नौकरी के इच्छुक कई अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शनकारी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर मार्च निकाल रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वि11 रूस यूक्रेन लीड युद्ध
रूस, यूक्रेन के हमलों में पांच लोगों की मौत
कीव, यूक्रेन में रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, यूक्रेन के ड्रोन हमले में रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में दो अन्य लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अर्थ13 सेबी पांडेय
निर्गम राशि के इस्तेमाल के खुलासे की व्यवस्था की समीक्षा कर रहा सेबी : चेयरमैन
नयी दिल्ली, बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शनिवार को कहा कि नियामक निर्गम से जुटाई गई राशि के इस्तेमाल की निगरानी और उसके खुलासे की व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।
खेल28 खेल बैडमिंटन विश्व दूसरी लीड भारत
त्रीसा-गायत्री सेमीफाइनल हारीं, विश्व चैंपियनशिप में पहला कांस्य पदक जीता
नयी दिल्ली, त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का शानदार सफर शनिवार को यहां विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में चीन की लियू शेंग शू और तान निंग की गत चैंपियन और दुनिया की नंबर एक जोड़ी से हार के साथ खत्म हुआ। लेकिन भारतीय जोड़ी ने विश्व चैंपियनशिप में अपना पहला कांस्य पदक हासिल किया।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश