Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

राजस्थान: जयपुर में 4.30 लाख रुपए के नकली नोट बरामद, चार लोग गिरफ्तार

जयपुर, 22 अगस्त (भाषा) राजस्थान के जयपुर में पुलिस ने 4.30 लाख रुपये से अधिक मूल्य के नकली नोट बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बजाज नगर थाना पुलिस और आयुक्तालय की विशेष अपराध शाखा (सीएसटी) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया कि टीम ने शुक्रवार देर रात नकली नोट चलाने वाले कथित अंतरराष्ट्रीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4,30,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा दो ‘एसयूवी’ वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशुल, साहिल चौधरी, प्रियांशु और आकाश के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि साहिल चौधरी सीकर जिले का रहने वाला है जबकि अन्य तीन आरोपी हरियाणा के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना रोहतक निवासी अमन राणा है, जो बांग्लादेश से गिरोह चला रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी इन नकली नोटों को राज्य में आगामी नगर निकाय चुनाव के दौरान खपाने के लिए लाए थे।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र