Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

त्रीसा-गायत्री सेमीफाइनल हारीं, विश्व चैंपियनशिप में पहला कांस्य पदक जीता

नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का शानदार सफर शनिवार को यहां विश्व चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में चीन की लियू शेंग शू और तान निंग की गत चैंपियन और दुनिया की नंबर एक जोड़ी से हार के साथ खत्म हुआ। लेकिन भारतीय जोड़ी ने विश्व चैंपियनशिप में अपना पहला कांस्य पदक हासिल किया।

गैर वरीय भारतीय जोड़ी ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम से जीत लिया। लेकिन चीनी जोड़ी ने वापसी करते हुए अगले दो गेम हासिल कर एक घंटे 11 मिनट में 18-21, 21-13, 21-8 से जीत दर्ज की।

भारत ने महिला युगल में आखिरी बार विश्व चैंपियनशिप का पदक 2011 में जीता था, तब ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने लंदन में कांस्य पदक हासिल किया था।

मैच के बारे में गायत्री ने कहा कि संयम की कमी के कारण दूसरे गेम में लय नहीं बन पाई। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरे सेट में प्रतिद्वंद्वी जोड़ी बहुत संयम के साथ खेलीं और हम दोनों उनका मुकाबला नहीं कर सके। ऐसा होता है। त्रीसा ‘बैक कोर्ट’ से बहुत अच्छा खेली। अगर मैंने नेट पर थोड़ा और साथ दिया होता तो हम दूसरा सेट जीत सकते थे। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘तीसरे सेट में भी कुछ ऐसे अंक थे, जिन्हें हम अपने पक्ष में कर सकते थे, लेकिन हमारी लय नहीं बन पाई। ’’

विश्व रैंकिंग में 39वें स्थान पर काबिज इस भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल तक पहुंचने तक के सफर में तीन वरीयता प्राप्त जोड़ियों को हराया था।

त्रीसा ने कहा, ‘‘दूसरे गेम के दूसरे हाफ के बाद मुझे लगा कि कुछ गलतियों की वजह से हम अपने शॉट्स को लेकर थोड़े असमंजस में पड़ गए थे कि हमें क्या खेलना है। इसके बाद हमने ज्यादा रक्षात्मक तरीके से खेलना शुरू कर दिया, लेकिन हम उनके खिलाफ रक्षात्मक खेल नहीं खेल सकते। ’’

भारतीय जोड़ी का उत्साह बढ़ाने के लिए करीब 8000 दर्शक मौजूद थे।

चीनी जोड़ी के खिलाफ पिछले सात मुकाबलों में त्रीसा और गायत्री को छह बार हार मिली थी। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक शुरुआत की और 7-2 की बढ़त बना ली।

लियू और तान ने लगातार छह अंक लेकर वापसी की और ब्रेक तक 11-7 से आगे हो गईं। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने शानदार खेल दिखाया और स्कोर 12-12 से बराबर कर दिया।

त्रीसा के शानदार क्रॉस-कोर्ट शॉट और आक्रामक खेल की मदद से भारत ने फिर बढ़त बनाई। स्कोर 18-18 होने के बाद त्रीसा ने एक शानदार शॉट लगाया और भारत 19-18 से आगे हो गया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने लगातार दो अंक लेकर पहला गेम 21-18 से जीत लिया।

दूसरे गेम में चीन की जोड़ी ने 3-0 की बढ़त के साथ शुरुआत की। भारत ने वापसी करते हुए स्कोर 10-10 से बराबर किया और कुछ समय के लिए बढ़त भी बनाई।

लेकिन इसके बाद लियू और तान ने लगातार दबाव बनाया। भारतीय खिलाड़ियों की गलतियों का फायदा उठाते हुए चीन ने 17-12 और फिर 19-12 की बढ़त बना ली।

चीन की जोड़ी ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबला निर्णायक तीसरे गेम में पहुंचा दिया।

तीसरे गेम की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। भारतीय जोड़ी ने एक लंबी 56 शॉट की रैली जीतकर स्कोर 2-2 किया।

इसके बाद चीन की जोड़ी ने खेल की गति बदल दी और धीरे-धीरे बढ़त बढ़ान शुरू किया जिससे उनकी बढ़त 11-5 हो गई।

त्रीसा और गायत्री पहले गेम जैसी आक्रामकता नहीं दिखा सकीं। चीन की जोड़ी ने लगातार अंक जुटाए और 17-7 की बड़ी बढ़त बना ली।

अंत में लियू और तान ने क्रॉस-कोर्ट शॉट के साथ मुकाबला खत्म किया और तीसरा गेम 21-8 से जीत लिया।

सेमीफाइनल हारने के बावजूद त्रीसा और गायत्री ने भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक अपने नाम किया।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द