नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से सरकार के प्रमुख के तौर पर सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे करने और उनके योगदान को चिह्नित करने के लिए 17 सितंबर से पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि इस देशव्यापी अभियान के दौरान भाजपा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग (युवा, महिलाएं और किसान) तक पहुंचेगी।
भाजपा हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर पूरे देश में पखवाड़े भर चलने वाला ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाती है। तावड़े ने कहा, ‘‘मोदी का व्यक्तित्व ऐसा है कि वे हर पल सेवा के लिए समर्पित रहते हैं।’’
उन्होंने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, ‘‘मोदी इस साल 17 अक्टूबर को (सरकार के प्रमुख के तौर पर) 25 साल पूरे करने जा रहे हैं। उन्होंने पहली बार सात अक्टूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। इसलिए हमने इस 25 साल के अहम पड़ाव को ध्यान में रखते हुए एक महीने तक चलने वाला देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करने का फैसला किया है।’’
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में ‘सेवा की भावना’ (जो मोदी के व्यक्तित्व का अभिन्न अंग है) पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियां शामिल होंगी।
तावड़े ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान, पार्टी कार्यकर्ता देशभर में 14 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तक पहुंचेंगे और उनके योगदान के लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए ‘आंगनवाड़ी सम्मान’ और ‘मातृ सम्मान’ कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
भाषा
संतोष देवेंद्र
देवेंद्र