Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

यादवपुर विश्वविद्यालय झड़प: भाजपा विधायक का भूमिका से इनकार, कहा- अभाविप से पार्टी का संबंध नहीं

कोलकाता, 21 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक सरबरी मुखर्जी ने यादवपुर विश्वविद्यालय में अलग-अलग राजनीतिक संबद्धताओं वाले दो छात्र समूहों के बीच हुई झड़प में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रदर्शनकारियों को कथित रूप से उकसाने के आरोपों से इनकार किया और कहा कि वह कभी ‘परिसर में दाखिल ही नहीं हुईं।’

यादवपुर विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संकाय छात्र संघ (एफईटीएसयू) की आम सभा के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध अभाविप और वामपंथी विचारधारा वाले छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच बृहस्पतिवार तड़के झड़प हुई थी। इसमें कई छात्र घायल हो गए थे।

यादवपुर की विधायक मुखर्जी ने हिंसा में अपनी कथित भूमिका से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई और आरएसएफ ने अभाविप के एक सदस्य के घायल होने के बाद अभाविप कार्यकर्ताओं को परिसर में प्रवेश करने के लिए उकसाया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं परिसर में कैसे प्रवेश कर सकती हूं? मैं मौके पर मौजूद ही नहीं थी। मैं केवल बुधवार रात यादवपुर थाने के सामने शांतिपूर्ण सभा के दौरान इलाके में मौजूद कुछ भाजपा युवाओं के साथ गई थी। इसके बाद मैं वहां से चली गई। भाजपा का एबीवीपी से कभी कोई संबंध नहीं रहा है और मैं उनके किसी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुई।’’

भाजपा ने आरएसएस से संबद्ध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से खुद को अलग कर लिया है। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘अभाविप भाजपा का छात्र संगठन नहीं है।’’

उन्होंने कहा था, ‘‘यह एक राष्ट्रवादी छात्र संगठन है, जो स्वतंत्र रूप से काम करता है और यह भाजपा की शाखा नहीं है।’’

वहीं, मुखर्जी ने उकसाने वाले बयान देने के आरोपों को भी खारिज किया और कहा, ‘‘ सीसीटीवी फुटेज से साबित हो जाएगा कि मैं न तो इसमें शामिल थी और न ही वहां मौजूद थी। मैंने एबीवीपी की रैली या अगले दिन निकाली गई किसी अन्य रैली में भी हिस्सा नहीं लिया।’’

भाषा शोभना दिलीप

दिलीप