Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

राजस्थान: कॉजपा के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया

जयपुर, 22 अगस्त (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर के निकट रामपुरा-कंवरपुरा गांव में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के कार्यकर्ताओं पर कथित हमले के विवाद में संगठन और ग्रामीणों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और हंगामा करने के आरोप लगाए हैं।

‘कॉजपा’ के कार्यकर्ता रामपुरा-कंवरपुरा गांव के सरकारी स्कूल की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे, जहां उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था।

‘कॉजपा’ ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने संगठन के सदस्यों पर हमला किया।

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि ‘कॉजपा’ कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से गांव में भय का माहौल बन गया था।

शिवदासपुरा थाना प्रभारी राजेश गौतम ने बताया कि एक स्थानीय ग्रामीण ने शुक्रवार रात प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि ‘कॉजपा’ के सदस्य बड़ी संख्या में गांव पहुंचे और उन्होंने लोगों को डराया-धमकाया।

ग्रामीण ने दावा किया कि बच्चों में डर का माहौल उत्पन्न हो गया और वे स्कूल नहीं जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि दूसरी प्राथमिकी ‘कॉजपा’ के एक सदस्य की ओर से दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि घटना के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई।

संगठन ने कथित हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

‘कॉजपा’ के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि हमलावर भाजपा नेताओं के बुलाए गए लोग थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास वीडियो और सभी सबूत हैं। अगर उनके पास भी सबूत हैं तो वे दिखाएं।’’

इस बीच, शनिवार सुबह स्कूल प्रशासन ने विद्यार्थियों को एक अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया।

रांका ने आरोप लगाया कि ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत गांव पहुंची ‘कॉजपा’ टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई, उनके वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और महिला समर्थकों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

घटना के कथित वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को ‘कॉजपा’ टीम के सदस्यों के साथ बहस करते, उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोकते और धक्का-मुक्की करते देखा जा सकता है।

कुछ वीडियो में कारों की टूटी हुई खिड़कियां भी दिखाई दे रही हैं, जिन्हें ‘कॉजपा’ टीम के वाहनों का बताया जा रहा है।

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने स्कूल भवन की मरम्मत के लिए पहले ही धनराशि स्वीकृत कर दी है और स्थानीय स्तर पर प्रयास कर मरम्मत कराई जा सकती है।

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र