Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

कनाडा के एडमंटन में गुरुद्वारे में हमला: दो घायल, एक व्यक्ति गिरफ्तार

(इंट्रो से एक शब्द हटाते हुये)

टोरंटो, 22 अगस्त (भाषा) कनाडा में एडमंटन के एक गुरुद्वारे में शुक्रवार सुबह अरदास के दौरान 27 वर्षीय व्यक्ति ने दो लोगों पर पेचकस से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस यह पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है कि यह हमला घृणा के कारण किया गया या नहीं।

यह घटना (स्थानीय समयानुसार) शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे उत्तर-पूर्वी एडमंटन स्थित नानकसर सिख गुरुद्वारे में हुई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी गुरुद्वारे में दाखिल हुआ और उसने दरबार हॉल में जाने की कोशिश की लेकिन गुरुद्वारे के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया।

एडमंटन पुलिस सेवा (ईपीएस) ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि इसके बाद झगड़ा बढ़ गया और आरोपी ने 75 एवं 51 वर्ष के दो व्यक्तियों पर हमला कर दिया।

ईपीएस के कार्यवाहक निरीक्षक एरिक स्टीवर्ट ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस की घृणा अपराध इकाई मामले की जांच कर रही है।

‘सीबीसी न्यूज’ की खबर के अनुसार, नानकसर गुरुद्वारा गुरसिख टेंपल के उपाध्यक्ष जोरा ग्रेवाल ने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि घटना के समय गुरुद्वारे में सुबह की अरदास हो रही थी और कई लोग मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार इस घटना में घायल हुए लोग श्रद्धालु हैं जबकि ग्रेवाल ने कहा कि इनमें एक व्यक्ति गुरुद्वारे का ग्रंथी और दूसरा व्यक्ति लंबे समय से वहां सेवा कर रहा एक स्वयंसेवक है।

ग्रेवाल ने बताया कि गुरुद्वारे के अंदर मौजूद लोगों ने जब हथियारबंद व्यक्ति को बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने ग्रंथी पर पेचकस से कई बार वार किए और इसके बाद बुजुर्ग स्वयंसेवक पर भी हमला किया।

खबर के मुताबिक, दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया और उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। संदिग्ध भी घायल हुआ और उसे भी अस्पताल ले जाया गया।

भाषा सिम्मी रंजन

रंजन

रंजन