Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

राजस्थान: नगर निकाय चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की राजनैतिक दलों के साथ बैठक

जयपुर, 21 अगस्त (भाषा) राजस्थान निर्वाचन आयोग ने आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को यहां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने की।

आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिए की जा रही तैयारियों व व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

आयोग की ओर से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नगरीय निकाय चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों, निर्वाचन कार्यक्रम, मतदाता सूची, नामांकन प्रक्रिया, मतदान व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता तथा निर्वाचन व्यय समेत विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि राज्य के 309 नगरीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान दो चरण में होगा। पहले चरण के तहत नौ सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा। परिणाम 14 सितंबर को आएगा।

निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग महत्वपूर्ण है।

सिंह ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे निर्वाचन संबंधी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग दें। बैठक में आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी व विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भाषा पृथ्वी जोहेब

जोहेब