हैदराबाद, 21 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के हनुमाकोंडा जिले में 32 वर्ष की एक महिला की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाते हुए उसे कार की डिग्गी में रख दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को बृहस्पतिवार रात सूचना मिली कि एल्काथुर्थी मंडल में खड़ी एक कार से दुर्गंध आ रही है। जांच करने पर पुलिस को कार की डिग्गी में कंबल में लिपटा हुआ एक महिला का शव मिला।
पुलिस ने कार में मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतका की पहचान की और उसके माता-पिता को इसकी जानकारी दी। साथ ही आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया गया।
उसने बताया कि पीड़िता और आरोपी बचपन के दोस्त थे, इसलिए वह उसके माता-पिता के भी करीब था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी (34) ने 18 अगस्त को करीमनगर जिले में अपने कमरे में हुए विवाद के बाद गला घोंटकर महिला की हत्या कर दी। उसने बताया कि इसके बाद वह शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था और उसने उसे कार की डिग्गी में रख दिया।
पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, महिला का दो बार तलाक हो चुका था। वह 'मानसिक रूप से परेशान' थी और मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित थी। वह अपने माता-पिता के साथ रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि महिला, आरोपी के साथ तमिलनाडु के एक मंदिर में जाने की योजना बना रही थी और हाल ही में कुछ समय उसके कमरे में ठहरी भी थी।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि महिला के बुजुर्ग माता-पिता उसकी सेहत की स्थिति और व्यवहार से परेशान थे।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने कहा कि महिला के बुजुर्ग माता-पिता उसकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां झेल रहे थे और उसके व्यवहार से भी परेशान थे।
इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप