नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान 20 जुलाई को पैलेट गन के छर्रे लगने से एक युवक के घायल होने के संबंध में दिल्ली पुलिस प्राथमिकी दर्ज करेगी। एक आधिकारिक सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह कदम कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा 19 वर्षीय साहिल लोचब के छर्रे लगने से घायल होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर संसद मार्ग थाने में धरना देने के बाद उठाया जाएगा। लोचब कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व वाले विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर छर्रे लगने से जख्मी हो गए थे।
सूत्र ने कहा, 'हम मामले में प्राथमिकी दर्ज करेंगे। हमें साहिल लोचब की मां से शिकायत मिली है।'
गांधी ने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती, क्योंकि 'ऊपर से आदेश हैं।'
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह न्याय से डरते हैं।
लोचब के साथ गांधी सबसे पहले मंदिर मार्ग थाने गए और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
उनकी मांग नहीं माने जाने पर वह संसद मार्ग थाने गए और नई दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा से मुलाकात की।
शर्मा के साथ चर्चा विफल होने के बाद, कांग्रेस नेता थाने में धरने पर बैठ गए। थाने में ही डीसीपी का कार्यालय भी है। लोचब और उसकी मां भी वहां थे।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी धरने में शामिल हुए।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप