Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

पीएनबी सैन्य अधिकारियों, जवानों के लिए दो विशेष क्रेडिट कार्ड जारी करेगा

नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सैन्य अधिकारियों एवं जवानों को विशेष सुविधाओं वाले दो क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए भारतीय सेना के साथ एक समझौता किया है।

पीएनबी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि समझौते के तहत सेना के अधिकारियों के लिए 'पीएनबी लक्सर मेटल क्रेडिट कार्ड' और जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) तथा अन्य रैंक के कर्मियों के लिए 'पीएनबी पराक्रम क्रेडिट कार्ड' उपलब्ध कराया जाएगा।

इन कार्ड पर कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सीएसडी) से खरीदारी पर तीन प्रतिशत की छूट, घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के लाउंज में मुफ्त प्रवेश और एक टिकट खरीदने पर दूसरा फिल्म टिकट मुफ्त मिलने जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

इस आशय के समझौता ज्ञापन पर दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय में मेजर जनरल वीके पुरोहित और पीएनबी के क्रेडिट कार्ड प्रभाग के महाप्रबंधक दीपक कुमार ने हस्ताक्षर किए।

इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल वीरेश प्रताप सिंह कौशिक, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव पुरी, पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक चंद्रा और मुख्य महाप्रबंधक सुधीर दलाल भी मौजूद रहे।

बैंक के प्रमुख अशोक चंद्रा ने कहा कि पीएनबी का भारतीय सशस्त्र बलों के साथ गहरा जुड़ाव है और यह साझेदारी सैन्य कर्मियों की जरूरतों के अनुरूप वित्तीय उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में बैंक के प्रयासों को आगे बढ़ाती है।

भाषा निहारिका प्रेम

प्रेम