Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

अनिल एंटनी ने एफसीआरए विधेयक का किया बचाव, कहा- विदेशी धन के इस्तेमाल में जवाबदेही जरूरी

तिरुवनंतपुरम, 21 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव अनिल एंटनी ने प्रस्तावित विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक का शुक्रवार को जोरदार बचाव करते हुए कहा कि यदि विदेशी धन का सही हिसाब रखा जाए और उसका इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के लिए किया जाए तो कोई दिक्कत की बात नहीं है।

एंटनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्पष्ट कर चुके हैं कि विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम में प्रस्तावित बदलाव किसी विशेष धर्म या जाति के खिलाफ नहीं हैं।

एंटनी ने एक टीवी चैनल से कहा, ‘‘विदेशी धन का इस्तेमाल केवल उसी उद्देश्य के लिए किया जाना चाहिए, जिसके लिए उसे प्राप्त किया गया है। इसमें जवाबदेही होनी चाहिए। बस यही बात कही जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ चिंताएं गलतफहमियों पर आधारित हैं। यह किसी के खिलाफ नहीं है।’’

केरल में विभिन्न चर्च संगठनों ने भाजपा नीत केंद्र सरकार की ओर से एफसीआरए संशोधन विधेयक लाए जाने के कदम पर गंभीर चिंता जताई है।

एंटनी की यह टिप्पणी लोकसभा द्वारा विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को 31 सदस्यीय संयुक्त संसदीय समिति के पास भेजे जाने के कुछ दिन बाद आई है। विपक्षी दलों ने विरोध करते हुए आरोप लगाया था कि प्रस्तावित कानून अल्पसंख्यकों और गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) को निशाना बनाता है तथा इसे वापस लिया जाना चाहिए।

सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए विपक्षी दलों को चुनौती दी है कि वे विधेयक में ऐसा कोई एक प्रावधान बताएं जो अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव करता हो।

अनिल एंटनी वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी के पुत्र हैं।

भाषा शोभना अविनाश

अविनाश