गोपेश्वर, 20 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में पिछले सप्ताह हुए सुरंग हादसे में मारे गए श्रमिकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से उन्हें एक पत्र भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसचिव की ओर से भेजे गए पत्र में मृतकों के परिजनों और घायलों को सहायता राशि दिए जाने की जानकारी दी गई है।
तीन किलोमीटर लंबी सुरंग में भूस्खलन और पानी का रिसाव होने के कारण 13 अगस्त की शाम करीब 22 श्रमिक उसमें फंस गए थे। इस हादसे में 11 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए थे।
भाषा सं दीप्ति खारी
खारी