जयपुर, 20 अगस्त (भाषा) राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले में बृहस्पतिवार को तेंदुए के हमले में तीन वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना दूमोदा गांव के बैरवा मोहल्ले की है।
रणथंभौर बाघ अभयारण्य के उपवन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि दूमोदा गांव निवासी संजय बैरवा का बेटा दिलखुश बैरवा घर के आंगन में खेल रहा था तभी अचानक एक तेंदुआ वहां पहुंचा और बच्चे को दबोचकर जंगल की ओर ले गया।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जंगल में बच्चे की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर तलाश अभियान चलाया।
अधिकारी ने बताया कि बच्चा पहाड़ी पर लहूलुहान हालत में मिला। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर सुनकर गुस्साए ग्रामीणों ने फलौदी रेंज कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने फलौदी रेंज कार्यालय में रखी मोटरसाइकिल को आग लगा दी।
घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई है। फलोदी वन क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी