नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने एके-47 राइफल और गोला-बारूद बरामद होने से जुड़े मामले में फरार आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एनआईए की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, आरोपी भैरव त्रिपाठी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर नगालैंड से प्रतिबंधित अत्याधुनिक हथियार और राइफलें बिहार पहुंचाने की साजिश रची थी। इसका उद्देश्य सार्वजनिक शांति और सुरक्षा को बाधित करना तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालना था।
अधिकारियों ने बताया कि त्रिपाठी को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। यह मामला मूल रूप से बिहार पुलिस ने सात मई, 2024 को दर्ज किया था। मुजफ्फरपुर के फकुली क्षेत्र में मुरघटिया पुल के पास लेंस लगी एक एके-47 राइफल और गोला-बारूद बरामद होने तथा चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद यह मामला दर्ज किया गया था।
एनआईए के बयान के अनुसार जांच पूरी करने के बाद एजेंसी ने आठ मई, 2025 को चार आरोपियों-विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी के खिलाफ पहला पूरक आरोपपत्र दाखिल किया था।
एजेंसी ने बताया कि इस मामले में 20 फरवरी, 2026 को मंजूर खान के खिलाफ दूसरा पूरक आरोपपत्र दाखिल किया गया।
एनआईए ने कहा कि तीसरा पूरक आरोपपत्र 15 अप्रैल, 2026 को कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ दाखिल किया गया था।
भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव
वैभव