नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) पूर्वी दिल्ली में सोने की चेन छीनने के पांच मामलों में बावरिया गिरोह के 30 वर्षीय कथित सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि पुलिस ने उसके पास से एक मोटरसाइकिल और एक देसी कट्टा बरामद किया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी जीवन को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा कि 30 जुलाई को सविता विहार मार्केट के पास चेन झपटमारी की घटना की जांच के तहत 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया।
अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी तस्वीरों से जीवन की पहचान करने और उसका पता लगाने में मदद मिली।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान, जीवन ने खुलासा किया कि उसने अपने सहयोगी शंकर के साथ वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि शंकर को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह छापे मारे, लेकिन वह फिलहाल फरार है।
भाषा नोमान नोमान धीरज
धीरज