नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के बीच ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ को और प्रगाढ़ करने के अपने दृष्टिकोण को साझा किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के रक्षामंत्री के साथ मुलाकात के दौरान जुलाई 2026 में 16वें भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन के लिए भारत यात्रा पर आईं जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ हुई विस्तृत बातचीत को याद किया और दोनों देशों के लगातार प्रगाढ़ हो रहे रक्षा सहयोग की सराहना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि ‘‘भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।’’
बयान के मुताबिक मोदी ने भारत और जापान के बीच ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ को और मज़बूत करने के लिए अपना दृष्टिकोण साझा किया और हिंद-प्रशांत व उसके बाहर शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में भारत-जापान रक्षा और सुरक्षा सहयोग के महत्व को रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी की आगवानी करके खुशी हुई।
मोदी ने कहा, ‘‘भारत और जापान के बीच रक्षा और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत करने पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमारी ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ हिंद-प्रशांत और उससे परे शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए एक अहम आधार है।’’
प्रधानमंत्री ने जापान के लिए भारतीय कंपनियों और स्टार्टअप्स के साथ रक्षा क्षेत्र में साझेदारी विशेषकर ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत मिलकर विकास और उत्पादन करने के अवसरों को रेखांकित किया।
बयान में कहा गया है कि रक्षा मंत्री कोइजुमी ने प्रधानमंत्री को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी और भारत के साथ संबंध और मजबूत करने के लिए जापान सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
भाषा धीरज वैभव
वैभव