Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली के उपराज्यपाल ने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षा उपायों की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राष्ट्रीय राजधानी में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई विशेष पुलिस पहल की बृहस्पतिवार को समीक्षा की और पुलिस को संवेदनशील वर्गों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली तथा जनसंपर्क कार्यक्रम को मजबूत करने का निर्देश दिया।

संधू ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के साथ समीक्षा बैठक की और महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्ग नागरिकों की सुरक्षा तथा कल्याण के लिए उठाए गए कदमों का जायजा लिया।

बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस के 'सीनियर सिटीजन मोबाइल एप्लीकेशन' के कामकाज और इसकी पहुंच की समीक्षा की तथा त्वरित शिकायत निवारण, आपातकालीन सहायता और बीट-स्तरीय पुलिसकर्मियों एवं बुजुर्ग नागरिकों के बीच नियमित संवाद की आवश्यकता पर बल दिया।

उपराज्यपाल ने 'शिष्टाचार स्क्वाड' के कामकाज और उनकी तैनाती की भी समीक्षा की, जो मुख्य रूप से शैक्षणिक संस्थानों, पारगमन केंद्रों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में (महिलाओं पर) फब्तियां कसने और सड़क पर होने वाले उत्पीड़न को रोकने के लिए काम करते हैं।

उन्होंने महिलाओं और छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की खातिर अपराधों के प्रति ‘‘कतई बर्दाश्त नहीं’’ की नीति अपनाने का आह्वान किया।

महिला यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए 'पिंक बसों' में पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की भी बैठक में समीक्षा की गई।

संधू ने सार्वजनिक परिवहन में प्रशिक्षित कर्मियों की उपस्थिति और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र के महत्व पर जोर दिया।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश