Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

दिल्ली मास्टर प्लान 2047: भविष्य में ‘एयर टैक्सी’ और ‘एयर पॉड’ से सफर का प्रस्ताव

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) दिल्ली के नए मास्टर प्लान में पर्यावरण अनुकूल परिवहन की दिशा में भविष्य में ‘एयर टैक्सी’ और ‘एयर पॉड’ को परिवहन के साधन के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है।

बृहस्पतिवार को अधिसूचित मास्टर प्लान दिल्ली (एमपीडी)-2047 में यमुना, साहिबी नदी (नजफगढ़ नाले के नाम से भी जानी जाती है) और अन्य नहरों में अंतर्देशीय जल परिवहन शुरू करने का भी प्रस्ताव है।

योजना में प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का प्रस्ताव है ताकि रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी), बस टर्मिनल, मेट्रो और क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) स्टेशनों के बीच यात्रियों को सुगम रूप से परिवहन की सुविधा मिल सके।

बढ़ते यातायात को देखते हुए नए रेलवे स्टेशन विकसित करने की भी योजना है। फिलहाल दिल्ली पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों नयी दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और सराय रोहिल्ला के जरिए देश के अन्य हिस्सों से जुड़ी हुई है।

मास्टर प्लान में स्वच्छ ईंधन, तकनीकी रूप से उन्नत परिवहन प्रणालियों और यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन के लिए कृत्रिम मेधा के इस्तेमाल की परिकल्पना की गई है।

मास्टर प्लान में पैदल चलने व साइकिल चलाने को बढ़ावा देने, नए शहरीकृत क्षेत्रों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने, यातायात जाम कम करने और कम इस्तेमाल हो रही परिवहन परिसंपत्तियों को फिर से उपयोग में लाने पर भी जोर दिया गया है। योजना का उद्देश्य मोटर चालित यात्राओं में सार्वजनिक परिवहन और मध्यवर्ती सार्वजनिक परिवहन की हिस्सेदारी बढ़ाना तथा निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना है।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष