आइजोल, 20 अगस्त (भाषा) मिजोरम के पूर्व मुख्यमंत्री और मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष जोरामथांगा ने बृहस्पतिवार को गुवाहाटी विश्वविद्यालय से अपनी कला स्नातक (बीए) की डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त किया।
उन्होंने लगभग छह दशक पहले अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीए डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त किया।
एमएनएफ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार जोरामथांगा ने 1966 में इंफाल के धनमंजुरी (डीएम) कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी, जो उस समय गुवाहाटी विश्वविद्यालय से संबद्ध था।
बयान के अनुसार उन्हें विश्वविद्यालय के फणीधर दत्ता सेमिनार हॉल में आयोजित एक विशेष व्याख्यान-सह-संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
जोरामथांगा ( 82) ने डीएम कॉलेज में मुख्य विषय के रूप में अंग्रेजी की पढ़ाई की थी और अंतिम वर्ष की परीक्षा द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने कभी अपनी डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं किया था।
वह 1965 में कॉलेज के अंतिम वर्ष में औपचारिक रूप से एमएनएफ में शामिल हो गए थे।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए जोरामथांगा ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे मैं अपनी जिंदगी के सबसे मूल्यवान और यादगार पलों में से एक के रूप में हमेशा याद रखूंगा और संजोकर रखूंगा।’’
भाषा
देवेंद्र वैभव
वैभव