जयपुर, 20 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों में टिकट वितरण के दौरान धरातल पर काम करने वाले, लगातार जनता के बीच रहने वाले, साफ-सुथरी छवि और जीतने की क्षमता रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
वह यहां आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित पार्टी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 31 महीने में राजस्थान में जितने विकास कार्य किए हैं, उतने कांग्रेस पांच साल के शासन में भी नहीं कर सकी।
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए संगठन की रणनीति, सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, जमीनी स्तर पर जनसंवाद मजबूत करने और नगर निकायों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि पिछले 31 महीने में राजस्थान में सुशासन और विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। भाजपा सरकार ने महिलाओं, गरीबों, युवाओं, किसानों समेत समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय किए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने इतने कम समय में 35 से अधिक नीतियां लागू की हैं और शासन में पारदर्शिता तथा जवाबदेही को प्राथमिकता दी है।
शर्मा ने कहा, ‘‘राजस्थान की जनता कांग्रेस के पांच साल के शासन से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी थी। भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही आमजन को राहत देने और सरकार तथा जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करने का काम किया।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज सरकार और जनता के बीच संपर्क पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। सरकार आमजन की आवाज सुन रही है और उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर रही है।’’
उन्होंने बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अब पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जाना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 31 महीने में जितने विकास कार्य किए हैं, कांग्रेस पार्टी अपने पांच साल के शासन में भी उतने काम नहीं कर सकी और आगे भी नहीं कर पाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं, जनसंवाद करें और लोगों को बताएं कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार राजस्थान को विकास की नई दिशा दे रही है।’’
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने स्पष्ट किया कि नगर निकाय चुनावों में टिकट वितरण के दौरान धरातल पर काम करने वाले, लगातार जनता के बीच रहने वाले, साफ-सुथरी छवि और जीतने की क्षमता रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी तरह का भाई-भतीजावाद, सिफारिश या व्यक्तिगत दबाव नहीं चलेगा। युवाओं को भी पार्टी संगठन में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर दिए जाएंगे।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन चुनावों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के साथ मजबूत सहयोग रहेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना है।
राज्य के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में नौ सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी।
भाषा पृथ्वी खारी
खारी