अहमदाबाद, 20 अगस्त (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने लोगों से बड़े शहरों के अलावा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ और कच्छ के ‘व्हाइट डेजर्ट’ जैसे पर्यटन स्थलों पर भी खाद्य कारोबार शुरू करने का बृहस्पतिवार को आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार उन्हें पूरा सहयोग देगी।
उन्होंने यह बात अहमदाबाद में भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ (एनआरएआई) द्वारा आयोजित ‘फूड डिलीवरी समिट’ के पांचवें संस्करण के उद्घाटन के मौके पर कही।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘उपमुख्यमंत्री ने लोगों से बड़े शहरों के अलावा गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’, शिवराजपुर बीच, धरोई बांध, कच्छ के ‘व्हाइट डेजर्ट’ और गिर जैसे स्थानों पर भी अपना खाद्य व्यवसाय शुरू करने का आग्रह किया।’’
संघवी ने कहा कि सरकार इन पर्यटन स्थलों पर बुनियादी ढांचा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा, “गुजरात ऐसा राज्य है, जहां निवेश पर अच्छा ‘रिटर्न’ मिलता है।”
उन्होंने कहा कि खाद्य और खाद्य-संबंधी कारोबार देश की अर्थव्यवस्था में लगभग 5.69 लाख करोड़ रुपये का योगदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसके बढ़कर 7.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 75 लाख से अधिक लोग रोजगार प्राप्त कर रहे हैं और आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र के माध्यम से एक करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
संघवी ने रेस्तरां मालिकों से खर्च कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
भाषा देवेंद्र पवनेश
पवनेश