Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

हिमाचल: हनोगी सुरंग में टकराए दो ट्रक; चार लोगों की मौत, छह घायल

शिमला, 20 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बृहस्पतिवार को हणोगी सुरंग के भीतर दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों में से एक ट्रक मंडी से कुल्लू की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा विपरीत दिशा से आ रहा था।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के निवासी शकील (20), विशाल (21) और रवि कुमार (22) के रूप में हुई है जबकि चौथे मृतक की पहचान बिहार के रहने वाले मेघनाथ शर्मा (39) के रूप में की गई है।

पुलिस ने बताया कि घायलों में दीपक, ऐजात, दीपक, शहजाद, भागीरथ और मुकेश कुमार शामिल हैं।

घायलों को नेरचौक कस्बा स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा कुल्लू अस्पताल भेज दिया गया है।

दुर्घटना के बाद सुरंग के भीतर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित रही।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

एक अन्य हादसे में, जब्लू से घुमारवीं जा रही एक सरकारी बस की भगेड-पनाओल मार्ग पर एक निजी बस से टक्कर हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि लगभग 40 यात्रियों को ले जा रही यह सरकारी बस सड़क किनारे बने सुरक्षा दीवार से टकराकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार यात्रियों को मामूली चोट आई हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है।

भाषा सुमित जितेंद्र

जितेंद्र