Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

हिसार जिला अदालत के बाहर गैंगस्टर विनोद पन्नू की गोली मारकर हत्या

हिसार, 20 अगस्त (भाषा) गैंगस्टर विनोद पन्नू उर्फ काना की बृहस्पतिवार दोपहर यहां जिला अदालत परिसर के मुख्य द्वार पर दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, अदालत में सुनवाई के बाद पन्नू अपने साथियों के साथ अदालत परिसर से बाहर निकल रहा था, तभी उस पर हमला किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावरों ने अदालत के द्वार पर पन्नू को निशाना बनाया और ताबड़तोड़ करीब 10 गोलियां चलाईं।

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।

पन्नू हिसार जिले के थुराना गांव का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या समेत 31 आपराधिक मामले दर्ज थे और उसकी आपराधिक गतिविधियां दिल्ली-एनसीआर समेत विभिन्न क्षेत्रों में फैली थीं।

हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने संवाददाताओं को बताया कि एक आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी में घायल विनोद उर्फ काना की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि गोलीबारी में घायल एक अन्य व्यक्ति खतरे से बाहर है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस हत्या के मकसद और पन्नू को निशाना बनाए जाने के कारणों की जांच कर रही है।

घटना की गहन जांच के लिए पांच से छह पुलिस टीम गठित की गई हैं।

विपक्ष ने घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है।

उन्होंने कहा कि गोलीबारी, जबरन वसूली और हत्या की घटनाओं ने पूरे राज्य को हिला दिया है तथा अब अदालत परिसर भी सुरक्षित नहीं हैं।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश

अविनाश