Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

बैंक कर्मी ने पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद की खुदकुशी

लखनऊ, 20 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक बैंक कर्मचारी ने अपनी पत्नी और बहन की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अपनी मौत से पहले पोस्ट किए गए एक ‘व्हाट्सऐप स्टेटस’ में आरोपी ने दावा किया कि उसने अपनी पत्नी को इसलिए मार डाला क्योंकि उसने उसे ‘‘धोखा’’ दिया था।

पुलिस के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12:15 बजे गोमती नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक की एक शाखा के बाहर हुई। मृतका की पहचान दिव्या मिश्रा (37) के रूप में हुई है, जो बैंक में ‘रिलेशनशिप मैनेजर’ के पद पर कार्यरत थीं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस वाजपेयी (40) स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में ‘फील्ड ऑफिसर’ के पद पर कार्यरत था।

पुलिस ने बताया कि दिव्या अपनी कार में थीं, तभी उनके पति मानस ने उन्हें बाहर बुलाया और गोली मार दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। मानस कथित रूप से एक ऑटो रिक्शा में बैठकर दिव्या का इंतजार कर रहा था।

दिव्या के सहकर्मियों ने उन्हें लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मानस और दिव्या के बीच वैवाहिक विवाद था।

अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अमोल मुर्कुट सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने बताया कि दिव्या पिछले तीन-चार वर्षों से इस बैंक में काम कर रही थीं। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘बैंक में काम करने वाले दिव्या के सहकर्मियों ने हमलावर की पहचान उसके पति के रूप में की है।’’

पुलिस ने बताया कि मानस का बाद में वहां से करीब दो किलोमीटर दूर हुसड़िया क्षेत्र में पता लगाया गया, जहां उसने अपनी बहन तूलिका उर्फ शीवा वाजपेयी (28) को कथित तौर पर गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।

लखनऊ के पुलिस आयुक्त तरुण गाबा भी मौका-ए-वारदात पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम सबूत एकत्र कर रही हैं।

अपनी मौत से पहले पोस्ट किए गए एक ‘व्हाट्सऐप स्टेटस’ में मानस ने दावा किया कि उसने अपनी पत्नी को इसलिए मार डाला क्योंकि उसने उसे ‘‘धोखा’’ दिया था। उसने यह भी दावा कि दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा और उसके पति भरत यादव को इस मामले के बारे में सब कुछ पता था।

पत्रकार और यूट्यूबर प्रज्ञा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि आईसीआईसीआई बैंक की जिस कर्मचारी को गोली मारी गई, वह उनकी बहन थी।

प्रज्ञा ने लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को टैग करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘अभी-अभी फोन आया कि गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गयी है.....लोहिया में है, ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे।’’

मानस के घर के पास रेस्तरां संचालित करने वाले एक व्यक्ति ने संवाददाताओं को बताया कि उसने पसीने से लथपथ मानस को बहुत तेजी से घर के अंदर आते देखा था।

उसने कहा, ‘‘मैंने उनसे (मानस) पूछा भी कि भैया क्या बात है, आप बहुत परेशान लग रहे हैं, लेकिन उन्होंने मुझसे कहा कि कुछ नहीं, बस दफ्तर के कुछ मसले हैं। फिर वह अंदर चले गए।’’

अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को शुरू में सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने गोमती नगर में आईसीआईसीआई बैंक शाखा के बाहर अपनी पत्नी को गोली मार दी है। जब अधिकारी गोलीबारी की जांच कर रहे थे, तो उन्हें सूचना मिली कि उसी व्यक्ति ने इलाके में एक अन्य स्थान पर अपनी बहन और खुद को गोली मार ली है।

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘पुलिस ने तीन तमंचे, तीन खोखे और कुछ कारतूस बरामद किए हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पारिवारिक विवाद के कारण वारदात हुई और विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, मानस अपनी पत्नी को गोली मारने के कुछ ही मिनटों के भीतर घर लौट आया और बाद में अपनी बहन और खुद को गोली मारने से पहले एक व्हाट्सएप स्टेटस पोस्ट किया।

गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और दरवाजा तोड़ दिया, जहां उन्हें मानस और शीवा के शव मिले।

पुलिस ने कहा कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

उसने कहा कि जांच के तहत दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि मानस की बहन करीब तीन साल से अवसाद से पीड़ित थी और उसका इलाज चल रहा था।

पुलिस घटनाओं के क्रम और हत्याओं की वजह बनी परिस्थितियों की कड़ी जोड़ने के लिए सभी उपलब्ध सबूतों की जांच कर रही है।

पड़ोसियों के मुताबिक, मानस की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। उन्होंने बताया कि मानस के पिता की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई थी, जबकि उसकी मां का लगभग छह साल पहले निधन हो गया था।

पड़ोसियों ने मानस को एक गंभीर, लेकिन मददगार व्यक्ति बताया जो विशेष रूप से अपनी बहन से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ था।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि बहन की हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है।

प्रज्ञा मिश्रा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिव्या अपने पति के ‘‘मानसिक व्यवहार’’ के कारण उससे अलग रह रही थी। प्रज्ञा ने कहा कि मानस के पास दो हथियार थे।

उन्होंने कहा कि दिव्या हमेशा की तरह काम पर गई थी और एक सहकर्मी के साथ चेक लेने के लिए आईसीआईसीआई बैंक शाखा से निकली थी, जब उसके पति ने उसका पीछा किया।

प्रज्ञा के मुताबिक, आरोपी ने पहले बैंक के बाहर दिव्या पर गोली चलाई, बंदूक की बट से उस पर हमला किया और फिर दूसरे हथियार से दोबारा गोली चलायी।

भाषा चंदन सलीम जफर शफीक

शफीक

शफीक