Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

मुंबई उपनगरीय नेटवर्क के लिए 238 एसी ईएमयू ट्रेन प्राथमिकता से तैयार की जाएंगी: अश्विनी वैष्णव

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुंबई उपनगरीय नेटवर्क के लिए 238 वातानुकूलित ईएमयू (इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) ट्रेन प्राथमिकता के आधार पर तैयार की जा रही हैं।

ये ट्रेन तीन उत्पादन इकाइयों-तमिलनाडु के चेन्नई स्थित सवारी डिब्बा कारखाना (आईसीएफ), पंजाब के कपूरथला स्थित रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ) और उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (एमसीएफ) में तैयार की जाएंगी।

रेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “यह कदम मुंबई शहरी परिवहन परियोजना (एमयूटीपी) के तहत बुनियादी ढांचे के निर्माण के साथ-साथ रेल डिब्बों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।”

बयान में कहा गया, ‘‘एक सांकेतिक उत्पादन कार्यक्रम के तहत आईसीएफ में 120 एसी ईएमयू रेक, आरसीएफ में 71 रेक और एमसीएफ में 47 रेक तैयार करने का प्रावधान किया गया है।’’

मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रेलवे की उत्पादन इकाइयों ने वातानुकूलित ईएमयू, वंदे भारत और वंदे मेट्रो ट्रेन सहित आधुनिक यात्री रेल डिब्बों के निर्माण में अपनी क्षमता साबित की है।

रेलवे बोर्ड ने अनुसंधान डिजाइन और मानक संगठन (आरडीएसओ) और आईसीएफ की मौजूदा तथा प्रमाणित विशिष्टताओं पर स्वीकृत एसी ईएमयू रेक की खरीद को मंजूरी दे दी है, जिससे रेल डिब्बों के त्वरित निर्माण और आपूर्ति का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

भाषा खारी पारुल

पारुल