Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

उत्तर पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने छह घंटे के अभियान में 35 लोगों को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस ने बृहस्पतिवार को अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की और छह घंटे के अभियान के दौरान 35 लोगों को गिरफ्तार किया और चोरी के छह दोपहिया वाहन बरामद किए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया कि दो आरोपियों को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि नौ को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने कहा कि आरोपियों के पास से चार पिस्तौल, छह कारतूस और पांच चाकू बरामद हुए।

पुलिस ने बताया कि 12 लोगों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया जबकि 11 अन्य को जुआ खेलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

यादव ने कहा कि वाहन चोरी के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से चोरी के छह दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

पुलिस ने आदतन अपराधियों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की।

डीसीपी ने बताया कि इनके अलावा, पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत हिरासत में लिए गए 46 लोगों और दिल्ली पुलिस अधिनियम के तहत 11 अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश