Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग केंद्रित कौशल से जोड़ना समय की मांग: रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग केंद्रित कौशल से जोड़ने को समय की मांग बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल तकनीकें रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व अवसर पैदा कर रही हैं।

गुप्ता ने यह टिप्पणी मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में जन कौशल केंद्र और स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करने के बाद की। इन दोनों केंद्रों का निर्माण ‘मदन लाल खुराना फाउंडेशन’ के प्रयासों से किया गया है।

गुप्ता ने एक बयान में कहा, “जन कौशल केंद्र के माध्यम से हजारों युवाओं को एआई से जुड़ने और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। केवल युवा ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिक और बुजुर्ग भी यहां आकर एआई और नई तकनीकों को सीखने का प्रयास कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग-केंद्रित कौशल से जोड़ना समय की सबसे बड़ी मांग है।

उन्होंने कहा, “एआई और डिजिटल तकनीकें रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व अवसर पैदा कर रही हैं। ऐसे में युवाओं को आत्मनिर्भर और ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने के लिए यह पहल एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सशक्त समाज के लिए शिक्षा और कौशल के साथ स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है तथा स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता से नागरिकों को अपने आसपास ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता दिवंगत मदनलाल खुराना के ‘खुशहाल एवं सशक्त दिल्ली’ के सपने को साकार करने की दिशा में सार्थक प्रयास हैं।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना में ‘ट्रिनिटी फाउंडेशन’ द्वारा जमीनी स्तर पर व्यावसायिक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य शिविर और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की।

इस अवसर पर मोती नगर से विधायक एवं मदनलाल खुराना के बेटे हरीश खुराना सहित अन्य लोग मौजूद थे।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा