Breaking News

लखनऊ में आज UP टेक्निकल एजुकेशन परीक्षा, 52 केंद्रों पर दो शिफ्ट में होगा एग्जाम     |   नेपाल बाढ़ में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 1369 पहुंचा     |   CM योगी आज चित्रकूट दौरे पर जाएंगे, 800 बाढ़ प्रभावित परिवारों को देंगे राहत सामग्री     |   झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान     |   ग्रीस में एयर शो के दौरान F-4 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोगों की मौत     |  

बंगाल: यादवपुर विश्वविद्यालय में तनाव बढ़ा, एबीवीपी और एसएफआई समर्थकों की पुलिस से झड़प

कोलकाता, 20 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित यादवपुर विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार दोपहर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के समर्थकों द्वारा पुलिस अवरोधकों को तोड़कर विश्वविद्यालय के बंद प्रवेश द्वार तक पहुंचने पर एक फिर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

वामपंथी विचारधारा वाले छात्र बड़ी संख्या में परिसर के अंदर एकत्र हो गये और एबीवीपी समर्थकों का विरोध किया।

दक्षिण कोलकाता के 8बी बस स्टैंड इलाके में भी एसएफआई समर्थकों की पुलिस के साथ झड़प हो गई।

एसएफआई समर्थक पुलिस के अवरोधक तोड़कर गेट नंबर चार की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे।

विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बताया कि यह घटनाक्रम दिन के शुरुआती घंटों में परिसर के अंदर एबीवीपी और वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच हुई झड़प के बाद हुआ।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर परिसर में बाहरी लोगों को लाने का आरोप लगाया।

दोपहर में परिसर के अंदर मौजूद वामपंथी विचारधारा वाले छात्र एबीवीपी समर्थकों के प्रवेश का विरोध कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि एबीवीपी समर्थकों ने बंद द्वार के बाहर से उन पर अंडे और पानी की बोतलें फेंकीं।

विद्यार्थियों के मुताबिक, उस समय स्थानीय पुलिस, द्रुत कार्य बल (आरएएफ) और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवान भी मौके पर मौजूद थे।

एबीवीपी के कुछ समर्थकों को परिसर में प्रवेश करने की कोशिश में द्वार संख्या चार के बंद दरवाजे पर चढ़ने का प्रयास करते देखा गया।

सड़क के दूसरी ओर मौजूद एसएफआई समर्थकों ने आरोप लगाया कि पुलिस के साथ हुई झड़प में उनके कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

परिसर के बाहर 8बी बस स्टैंड इलाके में प्रदर्शन कर रहे वामपंथी समर्थक पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद धरने पर बैठे थे।

परिसर में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय का वह प्रतीक चिह्न प्रदर्शित किया, जिसे गेट से नीचे उतार दिया गया था।

उन्होंने प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी छात्रों की मंशा पर सवाल उठाया और उन पर परिसर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया।

इस दौरान सड़क के एक ही हिस्से के दोनों छोर से परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एसएफआई और एबीवीपी समर्थकों की सुरक्षा बलों के साथ झड़प हुई।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

भाषा जितेंद्र देवेंद्र

देवेंद्र