Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

गरम समोसा मांगने पर खरीदार से मारपीट करने के आरोपी दुकानदार समेत पांच लोगों पर मामला दर्ज

वाराणसी (उप्र), 20 अगस्त (भाषा) वाराणसी में गरम समोसा ना देने पर शुरू हुए विवाद में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

अधिवक्ता शिव शंकर सिंह ने बताया कि वह इस साल के फरवरी माह में आवश्यक कार्य से चंदौली गए थे और लौटते समय जलपान करने के लिए जालूपुरा बाजार में एक दुकान पर रुके और दुकानदार से दो समोसे मांगे।

सिंह ने बताया कि ठंडे समोसे दिये जाने पर उन्होंने गर्म समोसे देने की मांग की, लेकिन इस मांग को लेकर दुकान पर मौजूद कर्मचारियों से उनकी बहस हो गयी।

सिंह ने कहा कि जब उन्होंने दुकान मालिक गुप्तेश्वर सिंह को बुलाया तो उसने भी उनसे अभद्रता की और देखते ही देखते गुप्तेश्वर और उसके कर्मचारियों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी।

सिंह ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय तक की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

पांच महीने तक चली प्रक्रिया के बाद न्यायालय के आदेश पर चौबेपुर थाने में गत शुक्रवार को आरोपी दुकान मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 19(2), मारपीट करने, शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर किसी का अपमान करना, धमकी देना और लूट के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा सं. सलीम मनीषा संतोष

संतोष