Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

मेघालय में मोटरसाइकिल रैली के दौरान हिंसा में कथित संलिप्तता को लेकर तीन छात्र नेता गिरफ्तार

शिलांग, 20 अगस्त (भाषा) मेघालय में एक छात्र संगठन की ओर से आयोजित मोटरसाइकिल रैली के दौरान हुई हिंसा में कथित संलिप्तता को लेकर उसके तीन नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के अध्यक्ष रेमंड खरजाना, उपाध्यक्ष पिनकेमलांग सानमिएत और महासचिव रूबेन नजियार को बुधवार देर रात राज्य की राजधानी स्थित एक होटल से पकड़ा गया, वहां वे बैठक कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि बुधवार को केएसयू की ओर से आयोजित मोटरसाइकिल रैली के दौरान स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं को कथित रूप से नुकसान पहुंचाया गया तथा कम से कम दो सरकारी वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।

यह रैली केएसयू की पांच सूत्री मांगों को लेकर जारी आंदोलन का हिस्सा थी। इन मांगों में मेघालय निवासी सुरक्षा एवं संरक्षा अधिनियम को लागू करना, मेघालय लोक सेवा आयोग और जिला चयन समितियों (डीएससी) के माध्यम से होने वाली भर्तियों में सुधार तथा प्रवासी श्रमिकों के नियमन को और सख्त करना शामिल है।

पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने बताया कि रैली शिलांग के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरी, जिसके दौरान कम से कम 31 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और दो सरकारी वाहनों में आग लगा दी गई।

उन्होंने कहा कि हिंसा के दौरान कई लोगों के साथ मारपीट की गई जिससे वे घायल हो गए।

सिएम ने कहा, ‘‘शिलांग के विभिन्न हिस्सों से पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। सरकारी और निजी दोनों तरह के वाहनों को निशाना बनाया गया। रिलीफ एंड रिहैबिलिटेशन कॉलोनी में स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाया गया।’’

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि केएसयू के तीनों नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट और अन्य अपराधों के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह गिरफ्तारी केएसयू नेताओं की उस प्रेस वार्ता के कुछ घंटे बाद हुई, जिसमें उन्होंने रैली के दौरान तोड़फोड़ और आगजनी में संगठन के सदस्यों की संलिप्तता से इनकार किया था।

केएसयू नेताओं ने आरोप लगाया था कि ‘‘निहित स्वार्थ वाले लोग’’ संगठन की मांगों को कमजोर करने के उद्देश्य से रैली में शामिल हो गए थे।

भाषा शोभना मनीषा

मनीषा