Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

रूस के मिसाइल हमले में कीव में छह लोगों की मौत, 33 घायल

कीव, 20 अगस्त (एपी) रूस की ओर से बुधवार देर रात किए गए मिसाइल हमलों में यूक्रेन की राजधानी कीव में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यूक्रेन की आपात सेवा के अनुसार, हमले में कम से कम 33 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रातभर राजधानी में विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं। बृहस्पतिवार सुबह तक हवाई हमले की चेतावनी जारी रही।

अधिकारियों ने बताया कि हमले में कीव के डारनित्स्की, स्वियातोशिन्स्की और सोलोमियांस्की जिलों में 12 स्थानों को निशाना बनाया गया। इसमें आवासीय इमारतों, एक चिकित्सा केंद्र और एक शैक्षणिक संस्थान को नुकसान पहुंचा। आपातकालीन दलों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

रूस ने कीव की हवाई रक्षा क्षमता को कमजोर करने के उद्देश्य से राजधानी पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। कीव के पास बैलिस्टिक खतरों को रोकने वाली प्रणालियां सीमित हैं, वहीं अमेरिका निर्मित पैट्रियट हवाई रक्षा प्रणालियों के लिए मिसाइलों की आपूर्ति लंबे समय से सीमित बनी हुई है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले यूक्रेन को पैट्रियट हवाई रक्षा प्रणालियों के उत्पादन के लिए लाइसेंस हासिल करने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में इस फैसले को वापस ले लिया।

इस बीच, यूक्रेन ने भी रूस के भीतर मौजूद हथियार भंडारों, सैन्य ठिकानों और अन्य रणनीतिक लक्ष्यों पर लंबी दूरी के हमले तेज कर दिए हैं।

सोलोमियांस्की जिले में नौ मंजिला आवासीय इमारत की ऊपरी दो मंजिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं और अन्य मंजिलों पर आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि दो आवासीय इमारतों और एक स्कूल के आश्रय स्थल में भी लोग फंस गए थे।

एपी शोभना रंजन

रंजन