Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

वीणा टी के खिलाफ ईडी की जांच के निष्कर्ष ‘बेहद गंभीर’, विजयन और माकपा दें जवाब : कांग्रेस

तिरुवनंतपुरम, 19 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन की बेटी वीणा टी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के निष्कर्ष 'बेहद गंभीर' हैं।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि ईडी की जांच के निष्कर्षों से अनधिकृत वित्तीय लेन-देन की ओर संकेत मिलता है।

उन्होंने विजयन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से उनकी बेटी के वित्तीय लेन-देन से जुड़ी एजेंसी की जांच के निष्कर्षों पर जवाब देने की मांग की।

जोसेफ ने एक बयान में कहा, ‘‘वीणा विजयन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की जांच के लिखित निष्कर्ष बेहद गंभीर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रिपोर्ट में अनधिकृत वित्तीय लेन-देन से जुड़े निष्कर्ष शामिल हैं। अब यह स्पष्ट हो गया है कि इस मामले पर माकपा की ओर से अब तक दिए गए कमजोर बहाने तथ्यात्मक नहीं हैं।’’

जोसेफ ने इस मामले की जांच 'तथ्यों पर आधारित और निष्पक्ष तरीके से' कराने की भी मांग की।

उनकी यह प्रतिक्रिया ईडी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें एजेंसी ने कहा था कि उसने मई में वीणा के खिलाफ तलाशी के दौरान हाथ से लिखे कुछ दस्तावेज जब्त किए थे और उनमें दुबई को किए गए कुछ धन हस्तांतरण का विवरण था।

ईडी ने यह भी दावा किया था कि तलाशी के दौरान जब्त डिजिटल उपकरणों में एक सिम कार्ड की तस्वीर मिली, जो किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर लिया गया था। एजेंसी के अनुसार, इस सिम कार्ड का इस्तेमाल कथित तौर पर वीणा द्वारा इंटरनेट आधारित कॉल करने के लिए किया गया था।

केंद्रीय एजेंसी ने कहा था कि उसने 18 अगस्त को कोझिकोड में वीणा के हाथ से लिखे दस्तावेजों में नामित लोगों और कथित तौर पर उन्हें सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के ठिकानों पर नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया।

धन शोधन का यह मामला केरल स्थित खनन कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा द्वारा प्रवर्तित कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस (अब बंद) से जुड़ा है।

जोसेफ ने कहा कि ईडी के वीणा के वित्तीय लेन-देन से जुड़ी जांच के निष्कर्षों पर विजयन और माकपा को स्पष्टीकरण देना चाहिए।

भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव

वैभव